मेरठ के शिवनगर कॉलोनी में विवाहिता की गला घोटकर हत्या

मेरठ। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की शिवनगर कालोनी गली-दो में किराये के मकान मे रह रही एक विवाहिता की गला घोटकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत फैल गई। कंट्रोल रूम को सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की।



दौराला थाना क्षेत्र के गांव मटौर निवासी रामकिशोर शर्मा की 28 वर्षीय बेटी निशा की शादी कई वर्ष पहले मवाना क्षेत्र के गांव कुंडी कमालपुर निवासी सोनू कौशिक से हुई थी। बताया जाता है कि पति से झगड़ा होने की वजह से निशा मोदीपुरम की शिवनगर कालोनी गली-दो में धर्मपाल पुत्र रघुवीर के घर में किराये पर अकेली रहती थी। वह पल्लवपुरम फेज-दो की सर्विस रोड स्थित बाइक शोरूम में नौकरी करती थी। मकान मालिक की बेटी ने बताया कि एक महीने पहले निशा किराये पर रहने आई थी। तभी आइडी मांगी थी, मगर कभी आज तो कभी कल की बात कह एक महीना बीत गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे बच्चे को निशा को कमरे से बुलाने को भेजा था। दरवाजा हल्का बंद था। चारपाई पर निशा पेट के बल लेटी थी। कोई हरकत न होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव मर्चरी पहुंचा दिया। गले में चुनरी का फंदा और मुट्ठी बंद थी


चारपाई पर पड़ी निशा के गले में चुनरी का फंदा लगा था। आंखें खुली थी और दोनों हाथों की मुट्ठी बंद थी। शरीर पूरी तरह से अकड़ा हुआ था। जिससे देखकर प्रतीत हो रहा था कि हत्यारे ने घटना को अंजाम कई घंटे पूर्व दिया था। पुलिस सभी पहलुओं पर काम कर रही है।


इनका कहना है


पति से झगड़ा होने पर विवाहिता अकेली किराये पर रहती थी। प्रथम दृष्टया विवाहिता की हत्या उसके प्रेमी ने की है, जो अक्सर उससे मिलने उसके कमरे पर जाता था। सोमवार सुबह 11 बजे भी मकान स्वामी ने उसे कमरे में जाते देखा था। मोबाइल कब्जे में है। टीम काम कर रही है। जल्द राजफाश किया जाएगा।


-दिग्विजय सिंह शाही, एसओ, पल्लवपुरम।


बहन तो थी.. मगर हमारा रिश्ता खत्म था


मृतका का भाई मटौर निवासी सुमित ने बताया कि निशा के दो बच्चे हैं, जो अपने पिता के पास मवाना में रहते हैं। पति से झगड़ा कर वह अकेली रहने लगी तो हमने अपना रिश्ता निशा से खत्म कर दिया था। पुलिस ने उसकी हत्या की खबर दी है।